जिला पुस्तकालय पहुंचे उपायुक्त हेमन्त सती, विद्यार्थियों से संवाद कर सुविधाओं का लिया जायजा


 हजारीबाग के उपायुक्त हेमन्त सती ने सोमवार को जिला पुस्तकालय, हजारीबाग का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में पठन-पाठन की व्यवस्था के साथ बिजली, पेयजल, साफ-सफाई और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अन्य जरूरी सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पुस्तकालय में अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों से बातचीत की और उनकी पढ़ाई व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, मेहनत और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अनावश्यक व्यवधानों से बचते हुए पूरी लगन से पढ़ाई करने की सलाह दी।

विद्यार्थियों ने उपायुक्त के समक्ष पुस्तकालय के अध्ययन समय को बढ़ाने का अनुरोध रखा। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने पुस्तकालय में वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराने और सोलर पैनल लगाने की दिशा में आवश्यक पहल करने की बात कही।

उपायुक्त ने पुस्तकालय कर्मियों को बेहतर संचालन सुनिश्चित करने, नियमित साफ-सफाई बनाए रखने और विद्यार्थियों की जरूरतों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों के उचित रखरखाव के साथ विद्यार्थियों को शांत और बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।