हजारीबाग। पदमा ओपी क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान नकली विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर की रात गुप्त सूचना के आधार पर पदमा ओपी गेट के पास चेकिंग अभियान चलाया गया था।

इसी दौरान इनोवा वाहन संख्या JH10J-7960 को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस के मुताबिक, वाहन से 33 पेटी नकली विदेशी शराब बरामद हुई, जिसमें CLASSIC OLD HABBIT WHIKY की कुल 732 बोतलें शामिल हैं।

पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एसो बेंकटमैन मूर्ति, उम्र करीब 46 वर्ष, निवासी पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर और गुड्डू आलम, उम्र करीब 24 वर्ष, निवासी मोतिहारी, बिहार के रूप में बताई गई है।

बरामद शराब में 375 एमएल की 672 बोतलें और 750 एमएल की 60 बोतलें शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान शराब को बिहार ले जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने यह भी बताया कि मामले में नकली शराब बनाने से जुड़े एक व्यक्ति के खिलाफ पूर्व में मामला दर्ज होने की जानकारी मिली है।

इस मामले में बरही-पदमा थाना कांड संख्या 338/2026 दर्ज कर बीएनएस और उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

छापामारी अभियान में पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार, पुअनि राजेश कुमार हजरा, सअनि जीवन किशोर लकड़ा समेत पुलिस बल शामिल था।