पदमा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अलग-अलग मामलों में 4 आरोपी गिरफ्तार; गाय और कार बरामद


हजारीबाग। पदमा ओपी क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें गाय चोरी के मामले में तीन आरोपी शामिल हैं, जबकि एक अन्य मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है।

पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि बरही रोड स्थित दीघवा मोड़ के पास से एक गाय को चोरी कर स्विफ्ट डिजायर कार संख्या JH01AR-9702 से ले जाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने अलंगीनार मोड़ के पास संदिग्ध कार को रोककर जांच की।

जांच के दौरान कार की पिछली सीट पर एक चितकबरी रंग की गाय रस्सी से बंधी हुई मिली। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया। उनकी पहचान मो. मकबूल अंसारी, मो. शाबीर कुरैशी और मो. मिन्हाज के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में तीनों ने गाय चोरी कर ले जाने की बात बताई। मामले में पदमा ओपी कांड संख्या 342/2026 दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने गाय और स्विफ्ट डिजायर कार बरामद कर ली है।

वहीं, पदमा ओपी कांड संख्या 335/2026 में पुलिस ने सुरज सिंह उर्फ सुरज यादव, निवासी शिवपुर, थाना धनगाई, जिला भोजपुर, बिहार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह मामला एक नाबालिग के अपहरण से संबंधित है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की बात प्रेस विज्ञप्ति में कही गई है।

पुलिस ने बताया कि पूरी कार्रवाई पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।