हजारीबाग। 30 सितंबर को आहूत झारखंड बंद के समर्थन में बुधवार को हजारीबाग के जिला परिषद चौक पर विभिन्न संगठनों और झारखंड आंदोलनकारियों ने प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम किया। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की और सरकार से आंदोलनकारियों के अधिकार एवं सम्मान से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में आंदोलनकारी पेंशन के लिए जेल जाने की बाध्यता खत्म करना और सभी झारखंड आंदोलनकारियों को समान पेंशन देना शामिल है। इसके अलावा विस्थापित आयोग और आंदोलनकारी आयोग के गठन की भी मांग उठाई गई।
आंदोलनकारी नेताओं का कहना था कि अलग झारखंड राज्य के गठन की लड़ाई में लंबे समय तक संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों और उनके परिवारों को सम्मान के साथ आर्थिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। झारखंड अलग राज्य क्रांतिकारी के जिला संयोजक प्रकाश कुमार मेहता ने कहा कि कई आंदोलनकारी परिवार आज भी आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक संघर्ष जारी रखने की बात कही।
प्रदर्शन में राजेश शाह, अजीम अंसारी, इंदरदेव मुखिया, अर्जुन मेहता समेत बड़ी संख्या में आंदोलनकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन में झारखंड आन्दोलनकारी संघर्ष मोर्चा, झारखण्ड राज्य किसान सभा, झारखण्ड राज्य विस्थापित संघर्ष मोर्चा, झारखण्ड स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच और खतियानी परिवार सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।