हजारीबाग। शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चिकित्सा, आपातकालीन सेवाओं और मरीज सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग को लेकर हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल के दिशा-निर्देश पर उनके सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने सोमवार की देर शाम उपायुक्त हेमंत सती से मुलाकात की। नए समाहरणालय भवन स्थित उपायुक्त कार्यालय में उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़ा मांग पत्र सौंपते हुए मरीज हित में त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया।
मांग पत्र में रात्रिकालीन आपातकालीन सेवाओं में वरिष्ठ एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, सोमवार की अहले सुबह एक महिला से जुड़ी कथित चिकित्सा लापरवाही की शिकायत की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच और जांच में दोष प्रमाणित होने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई।
इसके अलावा ऑर्थोपेडिक विभाग में खराब पड़ी सी-आर्म मशीन को तत्काल दुरुस्त कराने तथा मॉड्यूलर ऑर्थो ओटी में एक अतिरिक्त नई सी-आर्म मशीन लगाने का आग्रह किया गया। ब्लड बैंक में खराब एलिजा मशीन को ठीक कराने या नई मशीन उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई।
मरीजों की सुविधा को लेकर अस्पताल की लिफ्ट पूरी तरह चालू कराने, ऑर्थोपेडिक पुरुष एवं महिला वार्ड में कमोड युक्त पर्याप्त शौचालय और दोनों वार्डों में कम से कम पांच-पांच उच्च गुणवत्ता वाली व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
रंजन चौधरी ने अस्पताल की चिकित्सा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष समीक्षा कर कमियों को दूर करने और जहां लापरवाही प्रमाणित हो, वहां नियमानुसार जवाबदेही तय करने का आग्रह किया।
उपायुक्त हेमंत सती ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए मरीज हित से जुड़े मामलों में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। रंजन चौधरी ने कहा कि शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हजारीबाग सहित आसपास के जिलों के लाखों लोगों के लिए महत्वपूर्ण सरकारी चिकित्सा केंद्र है, इसलिए यहां चिकित्सा, आपातकालीन सेवाओं और मरीज सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है।
