मंडई डंपिंग यार्ड को लेकर पहल, ग्रामीणों की सहमति से बनेगा वैकल्पिक रास्ता


हजारीबाग में मंडई डंपिंग यार्ड को लेकर ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की दिशा में नगर निगम ने पहल शुरू कर दी है। नगर निगम के अधिकारियों और वार्ड पार्षदों ने स्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों की मांगों और संभावित समाधान पर चर्चा की।

सदर प्रखंड अंचल से मिली जानकारी के अनुसार मंडई खाता क्षेत्र में बड़े भू-भाग में सरकारी जमीन उपलब्ध है। आवश्यक अनुमति और सहयोग मिलने पर गांव से अलग डंपिंग यार्ड तक करीब 40 फीट चौड़ा वैकल्पिक मार्ग विकसित किए जाने की संभावना है। इससे ग्रामीणों की आवाजाही से जुड़ी परेशानी कम करने के साथ सरकारी भूमि के बेहतर उपयोग की दिशा में भी काम किया जा सकता है।

इधर, ग्रामीणों की मांग के अनुरूप डंपिंग यार्ड में कचरा निस्तारण की मशीन लगाने के लिए निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक मशीन के सोमवार देर रात तक हजारीबाग पहुंचने की संभावना है।

वैकल्पिक मार्ग को लेकर अमीन के माध्यम से मैप तैयार किया जा रहा है। मंगलवार को प्रस्तावित रास्ते का ले-आउट तैयार कर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी जाएगी। ग्रामीणों की सहमति के बाद प्रस्ताव उपायुक्त के समक्ष रखा जाएगा और सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

महापौर अरविंद राणा ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान हो और शहर की स्वच्छता व्यवस्था भी सुचारु रूप से चलती रहे। उन्होंने कहा कि संवाद और सहयोग के जरिए मंडई की समस्या का स्थायी समाधान निकालना प्राथमिकता है।