हजारीबाग: तेज हवा, आंधी-तूफान और बारिश के कारण हजारीबाग के कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली के तार क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि कुछ जगहों पर विद्युत खंभों को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। बिजली बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विद्युत आपूर्ति बहाल कराने को लेकर हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने विद्युत अधीक्षण अभियंता अशोक उपाध्याय से मुलाकात की। इस दौरान प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था सामान्य करने को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।
विधायक ने संबंधित अधिकारियों से क्षतिग्रस्त बिजली तारों और खंभों की मरम्मत का काम प्राथमिकता के आधार पर कराने तथा प्रभावित इलाकों में विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
विधायक के अनुसार, विद्युत विभाग के अधिकारियों ने उन्हें एक घंटे के भीतर हजारीबाग में विद्युत व्यवस्था बहाल करने का आश्वासन दिया है।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण उत्पन्न हुई विद्युत समस्या के समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति सामान्य हो सके।
इस दौरान बड़कागांव विधायक रौशन लाल चौधरी, विधायक प्रतिनिधि एवं कटकमदाग मुखिया संघ के अध्यक्ष राजेश गुप्ता, बलराम शर्मा, कटकमसांडी मंडल अध्यक्ष प्रकाश कुशवाहा, कटकमदाग मंडल अध्यक्ष एवं उप प्रमुख विमल गुप्ता और पवन गिरि मौजूद रहे।
