तरंग ग्रुप की ओर से आयोजित विशेष मॉडलिंग एवं संवाद सत्र में चर्चित मॉडल आशिर सिन्हा ने युवतियों को मॉडलिंग और फैशन इंडस्ट्री से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। सत्र के दौरान उन्होंने रैंप वॉक, बॉडी लैंग्वेज, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और कैमरे के सामने बेहतर तरीके से खुद को प्रस्तुत करने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की।
आशिर सिन्हा ने अपने मॉडलिंग सफर के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने लंदन फैशन वीक, बॉम्बे फैशन वीक और मिलान फैशन वीक जैसे प्रतिष्ठित फैशन प्लेटफॉर्म पर काम किया है। उन्होंने कहा कि मॉडलिंग सिर्फ खूबसूरत दिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए आत्मविश्वास, अनुशासन, फिटनेस, सही बॉडी लैंग्वेज और लगातार खुद को बेहतर बनाने की जरूरत होती है।
कार्यक्रम के दौरान युवतियों ने मॉडलिंग और फैशन इंडस्ट्री में करियर की संभावनाओं को लेकर कई सवाल पूछे। आशिर सिन्हा ने उन्हें मॉडलिंग में आगे बढ़ने के लिए जरूरी तैयारियों और इस क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि वह जल्द ही बॉलीवुड फिल्मों के जरिए अपने अभिनय करियर की शुरुआत करने की तैयारी में हैं।
आशिर सिन्हा हजारीबाग के पूर्व सांसद जयंत सिन्हा के पुत्र और पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा के पौत्र हैं। उनकी दादी नीलिमा सिन्हा लेखन के क्षेत्र से जुड़ी रही हैं, जबकि उनकी मां पुनीता सिन्हा सामाजिक कार्यों में सक्रिय रही हैं।
उन्होंने तरंग ग्रुप की गतिविधियों और युवाओं को मंच देने की पहल की सराहना की। आशिर सिन्हा ने कहा कि हजारीबाग जैसे शहर में युवाओं, खासकर युवतियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए मंच मिलना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कला और संस्कृति के क्षेत्र में तरंग ग्रुप के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे रचनात्मक कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर तरंग ग्रुप के निदेशक अमित कुमार गुप्ता ने आशिर सिन्हा को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि तरंग ग्रुप का उद्देश्य प्रतिभाशाली युवाओं को उचित मार्गदर्शन और मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को पहचानकर आगे बढ़ सकें।
कार्यक्रम में मेघा राज, करीना गुप्ता, शाना खान, पूजा कीर्ति, वर्षा कुमारी, सनाया रॉय, अंशु कुमारी, अंकिता कुमारी और लक्ष्मी यादव सहित रिशि सिंह, ओम शंकर, चंदन कुमार और सुमित सिन्हा मौजूद रहे। पूरे सत्र के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने करियर में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था।
