राष्ट्रीय पोषण माह को लेकर जागरूकता रथ रवाना, गांव-गांव पहुंचेंगे पोषण और स्वास्थ्य के संदेश

 


समाहरणालय परिसर से उपायुक्त हेमन्त सती ने शुक्रवार को दो जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान केन्द्र प्रायोजित मिशन सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0 के तहत आयोजित नवम राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के दौरान चलाया जा रहा है। मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिन्हा भी मौजूद रहीं।

राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन 9 सितम्बर से 9 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इसी कड़ी में 25 सितम्बर से 9 अक्टूबर तक दोनों प्रचार रथ जिले के अलग-अलग प्रखंडों के प्रमुख मार्गों, बाजार-हाट, पंचायतों और गांवों तक पहुंचेंगे।

प्रचार रथ में लगी एलईडी स्क्रीन के जरिए ऑडियो-वीडियो संदेश दिखाकर लोगों को पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास से जुड़े जरूरी विषयों की जानकारी दी जाएगी।

अभियान के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्रों पर गर्म पका हुआ भोजन, बच्चों के पोषण और प्रारंभिक विकास, सामुदायिक भागीदारी, आहार में विविधता और पर्याप्त प्रोटीन के साथ-साथ प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना यानी PMMVY और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर भी जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे।

खास तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में पोषणयुक्त और विविध आहार, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण, बच्चों के समुचित विकास और सरकार की पोषण एवं मातृत्व संबंधी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

उपायुक्त हेमन्त सती ने जिलेवासियों से राष्ट्रीय पोषण माह के उद्देश्यों को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने “हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” की भावना के साथ पोषण और स्वास्थ्य से जुड़े संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।