हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र में घर के बाहर से चोरी हुए Eicher ट्रैक्टर को पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 19 और 20 सितंबर की दरम्यानी रात पकरी बरवाडीह गांव निवासी टुकन साव के घर के बाहर खड़ा नीले रंग का Eicher ट्रैक्टर अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया था। घटना के बाद टुकन साव ने 20 सितंबर को बड़कागांव थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बड़कागांव थाना कांड संख्या 164/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। चोरी गए ट्रैक्टर और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर सूचना तंत्र सक्रिय किया।
इसी दौरान 21 सितंबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने केरेडारी थाना क्षेत्र के उपरोल पहरा गांव निवासी बिनोद कुमार को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान बिनोद कुमार ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया ट्रैक्टर बड़कागांव थाना क्षेत्र के लिखलाही घाटी जंगल से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को विधिवत जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बिनोद कुमार को 22 सितंबर 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
