सांसद मनीष जायसवाल की पहल पर 65 श्रद्धालु तीर्थ यात्रा के लिए रवाना

 


टाटीझरिया। हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल की पहल पर टाटीझरिया पंचायत के 65 महिला-पुरुष श्रद्धालुओं को तीर्थ यात्रा के लिए रवाना किया गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालु काशी विश्वनाथ मंदिर, विंध्याचल, अयोध्या और प्रयागराज समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे।

यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर बाबा बालक नाथ के पास हजारी जायसवाल के मकान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष कैलाशपति सिंह ने की, जबकि संचालन महामंत्री राजू यादव ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई।

समारोह में सांसद तीर्थ यात्रा प्रभारी जुगनू सिंह, मांडू विधानसभा सांसद प्रतिनिधि द्वारिका सिंह उर्फ खोखा सिंह, प्रमुख सह सांसद प्रतिनिधि एवं महामंत्री संतोष मंडल, झरपो मंडल अध्यक्ष महेश अग्रवाल, बरकट्ठा विधायक प्रतिनिधि उपेंद्र पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि सांसद मनीष जायसवाल की पहल से क्षेत्र के बुजुर्ग महिला-पुरुष श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है। श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने और गाइड के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।

यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए रजनीकांत चौधरी, अजय प्रसाद, विनय वर्णवाल और आशा देवी को गाइड की जिम्मेदारी दी गई है। सभी यात्रियों को पहचान पत्र के साथ आवश्यक सामग्री से युक्त थैला भी उपलब्ध कराया गया।

श्रद्धालुओं को गीत-संगीत और गाजे-बाजे के साथ टाटीझरिया चौक तक उत्साहपूर्वक विदाई दी गई। मौके पर उपेंद्र सिंह, आनंद पाठक, रामेश्वर पांडेय, सुखदेव पांडेय, ज्योतिष पंडा, अनिल प्रसाद, सुरेंद्र प्रसाद, प्रकाश गुप्ता, मुकेश यादव, राहुल यादव, छोटन साव, सूरज कुमार, बजरंग सिंह और अरुण साव समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।