हजारीबाग में 28 सितंबर को कांग्रेस का लोकतांत्रिक आंदोलन, मतदाता अधिकारों को लेकर बैठक में बनी रणनीति

 


हजारीबाग। जिला कांग्रेस कार्यालय कृष्ण बल्लभ आश्रम में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी कांग्रेस की मांगों और मतदाता अधिकारों की रक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 28 सितंबर को हजारीबाग में प्रस्तावित लोकतांत्रिक आंदोलन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोपरि है और प्रत्येक मतदाता के अधिकारों की रक्षा जरूरी है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है।

मुन्ना सिंह ने कहा कि 28 सितंबर को हजारीबाग में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। उनके मुताबिक, यह आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर है।

उन्होंने कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों से भी बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की।

बैठक में झारखंड प्रदेश महासचिव सह हजारीबाग प्रभारी राजीव रंजन प्रसाद, पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला यादव, जिला प्रवक्ता मनोज नारायण भगत, NSUI जिला अध्यक्ष अभिषेक राज, विनोद कुशवाहा, निसार खान, रॉकी सिन्हा, कृष्ण किशोर प्रसाद, परवेज अहमद, नवीन कुमार, सोनी मेहता, पंचम पासवान, पूर्व जिला परिषद सदस्य बाबर खान, मकसूद आलम, गुड्डू सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मुन्ना सिंह ने हजारीबागवासियों से 28 सितंबर को बड़ी संख्या में पहुंचकर लोकतंत्र और मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों की आवाज को मजबूती देने की अपील की।