हजारीबाग। अंतर्राष्ट्रीय बेटी दिवस के मौके पर हजारीबाग जिले के लिए गर्व की खबर सामने आई है। बरही प्रखंड की युवा महिला क्रिकेटर वर्षा कुमारी का चयन झारखंड महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ है। वीरेंद्र कुमार की पुत्री वर्षा के चयन से हजारीबाग जिला क्रिकेट संघ और जिले के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
वर्षा के चयन पर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद सह एचडीसीए चेयरमैन मनीष जायसवाल ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्षा ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगातार अभ्यास के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। झारखंड टीम में हजारीबाग की बेटी का चयन पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।
वहीं, एचडीसीए अध्यक्ष राजीव सिंह ने वर्षा के चयन को संघ के लिए गौरव का विषय बताया। एचडीसीए सचिव बंटी तिवारी ने कहा कि जिले में क्रिकेट प्रतिभाओं की कमी नहीं है और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
वर्षा की यह उपलब्धि खास तौर पर जिले की युवा महिला क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा का संदेश है। अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें झारखंड अंडर-19 टीम के साथ वर्षा के आगामी प्रदर्शन पर रहेंगी।
