हजारीबाग: कटकमसांडी प्रखंड के पेलावल थाना क्षेत्र अंतर्गत कंचनपुर गांव में गुरुवार शाम खेत में काम करने के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से एक दंपत्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान कंचनपुर निवासी बासुदेव महतो (62 वर्ष) एवं उनकी पत्नी दुलिया देवी (56 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों कंचनपुर स्थित संत अगस्टिन स्कूल के पीछे पुरुभर नामक स्थान पर जामुन के पेड़ के समीप खेत में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हुई और वज्रपात होने से दोनों उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे कंचनपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी।
घटना की जानकारी अनिल कुमार कुशवाहा ने हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल को दी। सूचना मिलते ही सांसद ने अपने मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी को तत्काल अस्पताल भेजा। वहां दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई। रंजन चौधरी ने मृतक के परिजनों से मिलकर उन्हें इस दुखद घड़ी में ढांढस बंधाया।
मौके पर अनिल कुमार कुशवाहा, कटकमसांडी पूर्वी भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश कुशवाहा, कंचनपुर के पूर्व मुखिया एवं वर्तमान मुखिया प्रतिनिधि अशोक राणा, जिला परिषद प्रतिनिधि मनीष ठाकुर, मनोज कुशवाहा, कृष्णा महतो, सुरेश महतो, अशोक यादव सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने बताया कि सांसद मनीष जायसवाल ने प्रशासन से मृतक परिवार को आपदा राहत योजना के तहत शीघ्र सरकारी सहायता एवं उचित मुआवजा उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव गांव ले जाए जाएंगे। मृतक दंपत्ति का इकलौता बेटा मुंबई में काम करता है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
