ब्लड बैंक में रक्त की कमी, जिला प्रशासन की पहल पर समाहरणालय में लगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर


हजारीबाग:
शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग के ब्लड बैंक में रक्त की कमी को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा बुधवार को समाहरणालय परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 06 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

जिला प्रशासन ने बताया कि वर्तमान में ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता आवश्यकता की तुलना में काफी कम है। दुर्घटनाओं, आपातकालीन सर्जरी, प्रसूति, थैलेसीमिया, कैंसर तथा अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के उपचार के लिए प्रतिदिन बड़ी मात्रा में रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने पर जरूरतमंद मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा समाहरणालय परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। प्रशासन ने जिले के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों, युवाओं तथा आम नागरिकों से इस मानवीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और स्वैच्छिक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने में सहयोग करने की अपील की है।

जिला प्रशासन ने कहा कि एक यूनिट रक्त कई मरीजों के जीवन के लिए संजीवनी साबित हो सकता है। इसलिए स्वस्थ व्यक्ति समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।