हजारीबाग जिले के कटकमदाग प्रखंड सभागार में मंगलवार को प्रखंड स्तरीय खरीफ कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड प्रमुख कुमारी बिनीता, प्रखंड कृषि पदाधिकारी घनश्याम कुमार महतो, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक विजय कुमार, सहायक तकनीकी प्रबंधक निहारिका सिन्हा, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक प्रदीप खलखो एवं FTC JSLPS राजीव पाण्डेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यशाला में किसानों को कृषि, पशुपालन, आत्मा, उद्यान एवं मत्स्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार वर्ष 2026 में अल नीनो के प्रभाव से मानसून कमजोर रहने और सामान्य से कम बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को खरीफ फसलों के लिए आकस्मिक योजना की जानकारी दी गई। इसके तहत धान के अलावा कम अवधि वाली फसलों जैसे रागी (मंडुआ), बाजरा और दलहन की खेती को बढ़ावा देने की सलाह दी गई।

किसानों को जल संरक्षण के लिए ड्रिप सिंचाई, स्प्रिंकलर एवं मल्चिंग तकनीक अपनाने की जानकारी दी गई। साथ ही धान और अरहर की 90 से 120 दिनों में तैयार होने वाली कम अवधि की किस्मों के बीजों के बारे में भी बताया गया।

कार्यशाला में प्रखंड के सभी कृषक मित्र, जेएसएलपीएस के आजीविका कृषक मित्र एवं बड़ी संख्या में स्थानीय किसान मौजूद रहे।