बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रसव के दौरान कथित चिकित्सकीय लापरवाही से जच्चा और नवजात शिशु की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में मंगलवार शाम से मृतक के परिजनों के समर्थन में पत्रकार, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में ग्रामीण शव के साथ सीएचसी परिसर में धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने दोषी चिकित्सक पर कड़ी कार्रवाई, अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था में तत्काल सुधार तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की।

करीब नौ घंटे तक चले धरने के बाद देर रात बड़कागांव के बीडीओ जितेंद्र कुमार मंडल एवं अंचलाधिकारी मनोज कुमार की पहल पर प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच वार्ता हुई। रात करीब तीन बजे सहमति बनने के बाद धरना समाप्त हुआ।

वार्ता के दौरान चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर अविनाश कुमार ने मृतक परिवार के एक सदस्य को आउटसोर्सिंग के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने, आर्थिक सहायता दिलाने के लिए आवश्यक पहल करने, घटना में संलिप्त चिकित्सक के विरुद्ध जांच के बाद कार्रवाई कराने तथा बड़कागांव सीएचसी की स्वास्थ्य व्यवस्था में शीघ्र सुधार का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने थाना में लिखित आवेदन सौंपा और शव को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।

पोस्टमार्टम के दौरान हजारीबाग लोकसभा सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर उनके सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच एवं न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

इसके बाद रंजन चौधरी ने सिविल सर्जन डॉक्टर अशोक कुमार से मुलाकात कर बड़कागांव सीएचसी में हुई जच्चा-बच्चा की मौत की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने हाल ही में सामने आए दवाई चोरी मामले पर भी दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने का आग्रह किया।

सिविल सर्जन डॉक्टर अशोक कुमार ने आश्वस्त किया कि जच्चा-बच्चा की मौत की घटना की जांच के लिए शीघ्र ही एक जांच समिति गठित की जाएगी और उसकी रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि दवाई चोरी मामले में संबंधित दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए जा चुके हैं। साथ ही जल्द ही बड़कागांव सीएचसी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात भी कही।

धरना कार्यक्रम में समाजसेवी सह पत्रकार एवं बड़कागांव सांसद मीडिया प्रतिनिधि उमेश दांगी, जिला परिषद सदस्य सुनीता देवी, सांसद प्रतिनिधि पूनम साव, भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवशंकर कुमार उर्फ शिबू, विवेक सोनी, पत्रकार शिवशंकर कुमार, संजय सागर, पिंटू कुशवाहा, संजय भुईयां, पंचायत समिति सदस्य रंजीत चौबे, चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर अविनाश कुमार, मृतक परिवार के मुखलाल राणा, सीताराम राणा, अवध किशोर कुमार, उदय कुमार, रवि कुमार महतो, तीब्रकांत मौर्य सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

घटना के बाद बड़कागांव की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अब लोगों की निगाहें प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जाने वाली जांच तथा दोषियों के विरुद्ध होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।