हजारीबाग। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर हो एंटरटेनमेंट कल्चरल टीम एवं जन जागरण केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में राखी मेकिंग वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों एवं प्रतिभागियों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ते हुए अपने हाथों से सुंदर एवं आकर्षक राखी बनाना सिखाना है।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागी स्वयं राखियां तैयार करेंगे। इस पहल के माध्यम से भाई-बहन के प्रेम, अपनापन, सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, तैयार की जाने वाली कुछ राखियां ऐसे गरीब, असहाय एवं बेसहारा भाइयों के लिए होंगी, जो राखी खरीदने में सक्षम नहीं हैं या जिन्हें किसी के द्वारा राखी नहीं बांधी जाती। इन राखियों को ऐसे भाइयों की कलाई पर बांधकर उन्हें रक्षा सूत्र के साथ अपनापन और सम्मान देने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यशाला का आयोजन 26 अगस्त 2026, बुधवार को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक जन जागरण केंद्र, हजारीबाग में किया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए ₹150 का रजिस्ट्रेशन शुल्क निर्धारित किया गया है। इच्छुक प्रतिभागी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी कर सकते हैं।

कार्यशाला में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।

आयोजक संस्था ने शहर के बच्चों, युवाओं एवं रचनात्मक गतिविधियों में रुचि रखने वाले लोगों से कार्यशाला में शामिल होकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने तथा जरूरतमंद भाइयों के साथ रक्षाबंधन की खुशियां साझा करने की अपील की है।