डीएमएफटी योजनाओं की समीक्षा: 15 अगस्त तक अपूर्ण योजनाएं पूरी करें, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई – उपायुक्त


 हजारीबाग: उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) मद अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के तहत स्वीकृत योजनाओं की अद्यतन प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की सभी अपूर्ण योजनाओं को हर हाल में 15 अगस्त तक पूर्ण करने का निर्देश संबंधित कार्यकारिणी एजेंसियों को दिया। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 की स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिन कार्यकारिणी एजेंसियों के कार्यों में अपेक्षित प्रगति और गंभीरता नहीं मिलेगी, उनके जिम्मे सौंपे गए कार्यों को निरस्त कर अन्य सक्षम एजेंसियों को हस्तांतरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डीएमएफटी मद से स्वीकृत सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत सदुपयोग सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।

बैठक में उपायुक्त ने जिले की सभी अपूर्ण एवं लंबित डीएमएफटी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, सतत फॉलो-अप तथा समय-समय पर प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय पर पूरा हो सके।

उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि जिन संवेदकों द्वारा कार्य निष्पादन में लापरवाही या ढुलमुल रवैया अपनाया जाएगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में डालने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, आईएएस सुश्री पूर्वा अग्रवाल, जिला खनन पदाधिकारी अजीत कुमार, जिला योजना पदाधिकारी पंकज कुमार तिवारी, सभी कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।