हजारीबाग: उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्थापना, स्क्रीनिंग एवं अनुकम्पा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित सेवा मामलों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में कर्मचारियों के संशोधित सुनिश्चित कैरियर प्रगति (MACP), स्थानांतरण, विभागीय कार्यवाही तथा जिला पंचायत शाखा से संबंधित सेवा संपुष्टि के मामलों पर विस्तृत चर्चा की गई और नियमानुसार आवश्यक निर्णय लिए गए।
अनुकम्पा के आधार पर नियुक्ति से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए हजारीबाग जिले के विभिन्न कार्यालयों एवं विभागों से प्राप्त 10 प्रस्तावों पर समिति ने विचार-विमर्श किया तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्णय लिया।
समिति ने जिला निबंधन कार्यालय के एक लिपिक एवं जिला स्थापना शाखा के एक चतुर्थवर्गीय कर्मी को तृतीय वित्तीय उन्नयन (MACP) प्रदान करने की स्वीकृति दी। वहीं जिला पंचायत शाखा से जुड़े मामलों में पंचायत सचिव संवर्ग के एक कर्मी की सेवा संपुष्टि, पांच कर्मियों को प्रथम वित्तीय उन्नयन (MACP) तथा 12 कर्मियों को द्वितीय वित्तीय उन्नयन (MACP) दिए जाने के मामलों पर भी आवश्यक निर्णय लिए गए।
उपायुक्त हेमन्त सती ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को समिति के निर्णयों के अनुरूप नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि कर्मचारियों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, अपर समाहर्ता महेंद्र छोटन उरांव, सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय, प्रशिक्षु आईएएस पूर्वा अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
.jpeg)