हजारीबाग शहर के प्रतिष्ठित आरोग्यम अस्पताल में स्थापना दिवस, डॉक्टर डे एवं दसवीं वर्षगांठ समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। वर्ष 2016 में स्थापित आरोग्यम अस्पताल ने सेवा के 10 सफल वर्ष पूर्ण कर अपने 11वें वर्ष में प्रवेश किया है। इस अवसर पर अस्पताल परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अस्पताल के निदेशक हर्ष अजमेरा, प्रशासक जया सिंह, मेडिकल डायरेक्टर डॉक्टर रजत चक्रवर्ती, लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉक्टर बी.एन. प्रसाद, न्यूरोलॉजिस्ट डॉक्टर राहुल कुमार तथा नर्सिंग कॉलेज की निर्देशिका प्रीति जैन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की।
समारोह के दौरान अस्पताल से जुड़े सभी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, तकनीकी एवं गैर-तकनीकी कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। डॉक्टर डे के अवसर पर सभी चिकित्सकों के चिकित्सा क्षेत्र में योगदान की सराहना करते हुए उनका विशेष सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में अस्पताल की दस वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया। बताया गया कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के उद्देश्य से 30 मई 2025 को अस्पताल की दूसरी शाखा का शुभारंभ किया गया था, जिससे अधिक लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ, जिसमें संगीत, नृत्य एवं विशेष प्रस्तुतियों के माध्यम से चिकित्सकों के समर्पण और सेवा भावना को मंचित किया गया। इस अवसर पर कई मरीजों एवं उनके परिजनों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि आरोग्यम अस्पताल ने उन्हें बेहतर उपचार के साथ नया जीवन और नया विश्वास दिया है।
अस्पताल के निदेशक हर्ष अजमेरा ने कहा कि यह उपलब्धि अस्पताल परिवार, चिकित्सकों, कर्मचारियों और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है। प्रशासक जया सिंह ने कहा कि आरोग्यम अस्पताल के लिए हर मरीज परिवार का सदस्य है और 11वें वर्ष में प्रवेश के साथ आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ मानवीय व्यवहार को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
समारोह के दौरान लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉक्टर बी.एन. प्रसाद ने मेडिकल डायरेक्टर डॉक्टर रजत चक्रवर्ती को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। अंत में सभी ने सामूहिक छायाचित्र के साथ समारोह का समापन किया।
दस वर्षों की सेवा यात्रा में आरोग्यम अस्पताल ने हजारों परिवारों को नया जीवन दिया है, और अब 11वें वर्ष की शुरुआत के साथ यह विश्वास और मजबूत होता नजर आ रहा है कि यह अस्पताल आने वाले वर्षों में भी स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करता रहेगा।
