हजारीबाग: शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के तहत सप्लायर का बकाया भुगतान लंबित रहने के कारण पिछले कई दिनों से ऑर्थोपेडिक मरीजों की सर्जरी प्रभावित थी। अस्पताल के ऑर्थोपेडिक वार्ड में भर्ती कई मरीज 8 से 10 दिनों से ऑपरेशन का इंतजार कर रहे थे, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
बताया गया कि इस संबंध में मरीजों के परिजनों ने हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल को जानकारी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सांसद के निर्देश पर उनके मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने अस्पताल प्रबंधन से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली तथा शीघ्र सर्जरी शुरू कराने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए।
इसके बाद बुधवार को ऑर्थोपेडिक ऑपरेशन थिएटर में सर्जरी का कार्य पुनः प्रारंभ हो गया। अस्पताल में कई मरीजों की सर्जरी की गई, जबकि अन्य मरीजों की भी जल्द सर्जरी किए जाने की संभावना जताई गई है।
इस संबंध में सांसद के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि उनका समाधान सुनिश्चित कराना है। उन्होंने कहा कि सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर त्वरित पहल किए जाने से मरीजों को राहत मिली है और भविष्य में भी जनहित से जुड़े मामलों में इसी प्रकार सक्रियता के साथ कार्य किया जाएगा।
उन्होंने अस्पताल प्रबंधन एवं स्वास्थ्य विभाग से यह भी अपेक्षा की कि ऑर्थोपेडिक सर्जरी जैसी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भविष्य में किसी भी कारण से बाधित न हों तथा ऐसी परिस्थितियों से बचने के लिए समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं।
:::
