47 बोरा डोडा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार; बरही पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 


हजारीबाग, 2 जुलाई। हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत सरौंधिया धमना गांव में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में डोडा बरामद किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने कुल 47 बोरा डोडा, जिसका कुल वजन लगभग 697 किलोग्राम है, जब्त किया। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक को 1 जुलाई को सूचना मिली थी कि सरौंधिया धमना गांव निवासी बंगाली साव उर्फ बदलू साव और सुनील राणा अपने घर के समीप स्थित एक कर्कट (टीन) के कमरे में अवैध डोडा का भंडारण कर उसकी खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

पुलिस टीम जब बताए गए स्थान पर पहुंची तो कमरा बंद मिला। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खोला गया, जहां प्लास्टिक के बोरों में भरा डोडा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन से तौल कराने पर सभी 47 बोरों का कुल वजन लगभग 697 किलोग्राम पाया गया। इसके बाद जब्त मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ बरही थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंगाली साव उर्फ बदलू साव, पिता गंगो साव तथा सुनील राणा, पिता कैलाश राणा, दोनों निवासी सरौंधिया धमना, थाना बरही, जिला हजारीबाग के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।