सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर सिविल सर्जन से मिले मीडिया प्रतिनिधि, पेटो स्वास्थ्य केंद्र को 24×7 संचालित करने और ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने की मांग

 


हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर उनके लोकसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने शनिवार को जिले के सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार से मुलाकात कर  ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इस दौरान सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने विशेष रूप से हजारीबाग-धनबाद रोड (राष्ट्रीय राजमार्ग-522) पर दारू प्रखंड स्थित अतिरिक्त उपस्वास्थ्य केंद्र, पेटो को जनहित में चौबीसों घंटे और सातों दिन संचालित करने की मांग की। उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार को बताया कि यह स्वास्थ्य केंद्र सीधे नेशनल हाईवे के किनारे स्थित है, जहाँ अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ऐसी आपातकालीन स्थिति में यदि इस केंद्र पर एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी बुनियादी व जरूरी जांच सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएं और 24 घंटे इसे जनहित में संचालित किया जाय तो घायलों को समय पर प्राथमिक उपचार मिल सकेगा और कई लोगों की जान बचाई जा सकेगी। इसके साथ ही उन्होंने बरही अनुमंडल अस्पताल में चिकित्सा उपकरणों की कमी पर नाराजगी जताई और कहा कि अस्पताल में टूटा हुआ स्ट्रेचर रखना बेहद संवेदनहीनता है, जिसे तुरंत बदला जाना चाहिए। उन्होंने जिले के अन्य सुदूरवर्ती स्वास्थ्य केंद्रों और उपकेंद्रों की स्थिति में भी व्यापक और त्वरित सुधार का आग्रह किया।

जिले के सिविल सर्जन से वार्ता के क्रम में सांसद मीडिया  प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने मानसून के दस्तक देने के साथ ही जिले में तेजी से बढ़ रहे मलेरिया और टाइफाइड के मरीजों की संख्या पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने सिविल सर्जन से आग्रह किया कि संभावित डेंगू और चिकनगुनिया के खतरे से आम जनता को सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग को तत्काल प्रभाव से मिशन मोड में काम शुरू कर देना चाहिए। इसके तहत जिले के सभी प्रभावित और संवेदनशील इलाकों में युद्ध स्तर पर डीडीटी का छिड़काव, फॉगिंग, ग्रामीण स्तर पर जागरूकता पहल और मच्छरदानी वितरण जैसे आवश्यक अभियान चलाए जाने चाहिए ताकि महामारी की स्थिति को समय रहते रोका जा सके। सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी द्वारा बताए गए इन तमाम जनहित के मुद्दों और मांगों को सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने सभी विषयों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए भरोसा दिलाया कि नेशनल हाईवे के पेटो स्वास्थ्य केंद्र को सुदृढ़ करने, बरही अस्पताल की व्यवस्था सुधारने और मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए विभाग जल्द ही धरातल पर ठोस और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।