राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत मलेरिया रोधी माह जून 2026 के अवसर पर मलेरिया से बचाव एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को सिविल सर्जन-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला स्वास्थ्य समिति हजारीबाग की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला वी.बी.डी. पदाधिकारी, जिला आरसीएच पदाधिकारी, आईसीडीएस के प्रतिनिधि, नगर निगम हजारीबाग के सिटी मैनेजर सहित स्वास्थ्य एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला वी.बी.डी. पदाधिकारी ने बताया कि जून माह को मलेरिया तथा अन्य वेक्टर जनित रोगों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए “अलार्मिंग मंथ” के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि मानसून के आगमन के साथ मच्छरों के प्रजनन स्थलों में वृद्धि होती है, जिससे मलेरिया सहित अन्य वेक्टर जनित रोगों का खतरा बढ़ जाता है।
उन्होंने मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए आमजन से अपने घरों एवं आसपास जल जमाव नहीं होने देने, पानी के बर्तनों को ढककर रखने, कूलरों की नियमित सफाई करने तथा आवश्यकता पड़ने पर जलभराव वाले स्थानों में किरासन तेल आदि का छिड़काव करने की अपील की। साथ ही बुखार होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने और चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से मलेरिया नियंत्रण एवं जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय सहयोग देने का अनुरोध किया गया, ताकि जिले को मलेरिया एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों से सुरक्षित रखा जा सके।
