टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सखिया पंचायत में लगा स्वास्थ्य शिविर, सांसद मनीष जायसवाल ने किया लोगों को जागरूक


हजारीबाग:
हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सदर प्रखंड स्थित सखिया पंचायत भवन में रविवार को टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी 100 डे कैंप सह स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच कराई तथा टीबी से बचाव, पहचान और उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हजारीबाग सांसद Manish Jaiswal ने ग्रामीणों को टीबी उन्मूलन अभियान से जुड़ने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि टीबी जैसी बीमारी को जड़ से समाप्त करने के लिए जनभागीदारी, समय पर जांच और सही उपचार बेहद आवश्यक है। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं करने तथा समय-समय पर आवश्यक जांच कराने की अपील की।

शिविर के दौरान सांसद ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें एक्स-रे एवं अन्य स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर चिकित्सीय टीम द्वारा उनका स्वागत तुलसी का पौधा भेंट कर किया गया।

स्वास्थ्य शिविर में टीबी एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से विभिन्न जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही लोगों को टीबी के लक्षण, उपचार और रोकथाम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

मौके पर डॉ. आर.के. जायसवाल (डीटीओ), डॉ. पंकज बोरला (एमओ), जयराम कुमार (डीपीसी), अजय कुमार (बीपीएम), सुमित कुमार (एलटी), गालिनी सिंह (सीएचओ), स्वाला प्रनाद (बीटीटी), बेबी कुमारी (एएनएम), सुनीता कुमारी (एएनएम), खुशबू मंडल कुमारी (एएनएम), उर्मिला देवी (एसएस सहायिका) सहित पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।