महिलाओं के लिए तीन दिवसीय निःशुल्क मेहंदी एवं जुम्बा कार्यशाला का आयोजन, पोस्टर का हुआ विमोचन

 


हजारीबाग की लोकप्रिय सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में सक्रिय संस्था तरंग ग्रुप, हजारीबाग द्वारा महिलाओं एवं युवतियों के लिए तीन दिवसीय निःशुल्क मेहंदी मेकिंग एवं जुम्बा डांस कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष कार्यशाला 26, 27 एवं 28 जून 2026 को आयोजित होगी, जिसमें प्रतिभागियों को मेहंदी कला एवं जुम्बा डांस का प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा दिया जाएगा। इस कार्यशाला के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन आज बतौर मुख्य अतिथि सदर विधायक कला एवं संस्कृति प्रतिनिधि सुबोध आकाश सिन्हा एवं संस्था के निर्देशक अमित कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर संस्था की ओर से सुबोध सिन्हा को सोहराय पेंटिंग एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।  कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को एक ओर पारंपरिक कला मेहंदी डिजाइनिंग का प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना है, वहीं दूसरी ओर जुम्बा डांस के माध्यम से उन्हें स्वास्थ्य, फिटनेस और तनावमुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। आयोजकों के अनुसार कार्यशाला प्रतिदिन दो सत्रों में आयोजित होगी। दोपहर 3:00 बजे से 4:00 बजे तक मेहंदी मेकिंग प्रशिक्षण तथा 4:00 बजे से 5:00 बजे तक जुम्बा डांस प्रशिक्षण  दिया जाएगा। विशेष रूप से महिलाओं की सुविधा और सहजता को ध्यान में रखते हुए जुम्बा सत्र का संचालन अनुभवी महिला प्रशिक्षिका (Female Trainer) द्वारा किया जाएगा। तरंग ग्रुप के निर्देशक ने बताया कि आज के समय में मेहंदी कला केवल शौक नहीं बल्कि रोजगार का भी एक सशक्त माध्यम बन चुकी है। विवाह, त्योहार एवं विभिन्न सामाजिक आयोजनों में कुशल मेहंदी कलाकारों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में यह प्रशिक्षण महिलाओं को नए अवसर प्रदान करेगा। वहीं जुम्बा डांस शारीरिक फिटनेस, वजन नियंत्रण, मानसिक स्वास्थ्य और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुबोध आकाश सिन्हा ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें कौशल, आत्मविश्वास और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना भी आवश्यक है। तरंग ग्रुप द्वारा आयोजित यह निःशुल्क कार्यशाला महिलाओं और युवतियों को नई दिशा देने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी पहलें समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए अधिक से अधिक महिलाओं से इस कार्यशाला में भाग लेने की अपील की। कार्यशाला में भाग लेने के लिए इच्छुक महिलाओं एवं युवतियों को पूर्व पंजीकरण कराना होगा। सीमित सीटों को देखते हुए आयोजकों ने जल्द से जल्द पंजीकरण कराने की अपील की है। कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान आवश्यक मार्गदर्शन एवं व्यावहारिक अभ्यास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। सामाजिक क्षेत्र में निरंतर सक्रिय तरंग ग्रुप द्वारा समय-समय पर युवाओं, महिलाओं और बच्चों के लिए विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। इसी कड़ी में आयोजित यह निःशुल्क कार्यशाला महिलाओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मनिर्भरता और स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में एक सराहनीय पहल मानी जा रही है। कार्यशाला की अधिक जानकारी आपको 799231860 पर कॉल कर के भी प्राप्त की जा सकती है। तरंग ग्रुप ने जिले की सभी महिलाओं एवं युवतियों से इस अवसर का लाभ उठाकर अपने कौशल और स्वास्थ्य को नई दिशा देने की अपील की है। मंच संचालन 

 श्रुति रॉय ने किया। इस अवसर पर लक्ष्मी यादव, मेघा राज, संध्या कुमारी, जैकलिन, , श्रीधी सिन्हा, पिहू सिन्हा, अमन ,तनिशा कुमारी एवं देवांती कुमारी सहित संस्था के अन्य सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।