हजारीबाग: हजारीबाग कॉलेज ऑफ डेंटल साइंसेस एंड हॉस्पिटल में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने नियमित रूप से योग करने का संकल्प लिया।
योग प्रशिक्षक डॉ. रघु ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, अनुलोम-विलोम, सूर्य नमस्कार सहित कई महत्वपूर्ण योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि योग शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति का प्रभावी माध्यम है।
हजारीबाग डेंटल कॉलेज के सचिव डॉ. प्रवीण श्रीनिवास ने कहा कि आज पूरा विश्व अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है और योग मानव जीवन का अभिन्न अंग बन चुका है। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य, मानसिक एकाग्रता और सकारात्मक जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। नियमित योगाभ्यास से अच्छी नींद आती है, शरीर स्वस्थ एवं तंदुरुस्त रहता है तथा मन को शांति और आनंद की अनुभूति होती है।
उन्होंने कहा कि योग हमारे मस्तिष्क को एकाग्रचित रखता है, सकारात्मक विचारों को बढ़ावा देता है तथा शरीर को लचीला, मजबूत और ऊर्जावान बनाता है।
कार्यक्रम में कॉलेज के बीडीएस एवं एमडीएस विभाग के शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
