सांसद मनीष जायसवाल ने आजमाया निशाना, शूटिंग चैंपियनशिप में खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला


 हजारीबाग: स्थानीय हजारीबाग स्टेडियम (कर्जन ग्राउंड) स्थित शूटिंग रेंज में आयोजित चार दिवसीय हजारीबाग डिस्ट्रिक्ट सुनील सिन्हा मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप-2026 के दूसरे दिन खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर देखने को मिला। इस अवसर पर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

सांसद मनीष जायसवाल ने प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए प्रतिभागी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने शूटिंग रेंज में खिलाड़ियों को निशाना लगाते देखा तो स्वयं भी शूटिंग का अनुभव लेने पहुंचे। उन्होंने पहले सामान्य हथियार और बाद में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपयोग होने वाली अत्याधुनिक राइफल से निशाना साधा।

सांसद मनीष जायसवाल ने शुरुआती प्रयासों में ही सटीक निशाना लगाकर उपस्थित लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया। उनके अचूक निशाने पर खिलाड़ियों और दर्शकों ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया।

नेशनल शूटर एवं प्रशिक्षक रिद्धि गुप्ता और रोहित सिंह ने सांसद को हजारीबाग के उन प्रतिभाशाली निशानेबाजों से परिचित कराया, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। सांसद ने सभी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शूटिंग रेंज पहुंचने पर एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश रंजन और महासचिव नीलेन्दु जयपुरियार ने सांसद मनीष जायसवाल का शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान शूटिंग खेल की बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी चर्चा हुई। सांसद ने शूटिंग रेंज में 25 मीटर एवं 50 मीटर रेंज विकसित करने के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा इस संबंध में विस्तृत प्रस्ताव लेकर बैठक करने का आमंत्रण भी दिया।

गौरतलब है कि 20 जून से शुरू हुई यह जिला स्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप 23 जून को संपन्न होगी।

मौके पर अजय कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह, सुगातो रॉय, सुनील सिंह, अमरेंद्र सिंह, हेमंत कुमार सहित शूटिंग एसोसिएशन के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।