पदमा प्रखंड के दौरे पर सांसद मनीष जायसवाल, कार्यकर्ताओं से संवाद के साथ शोकाकुल परिवारों को बंधाया ढांढस

 


हजारीबाग: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रम के तहत हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद Manish Jaiswal ने बरही विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पदमा प्रखंड का सघन दौरा किया। उन्होंने ग्राम परतन, सूरजपुरा और रोमी पंचायत में स्थानीय कार्यकर्ताओं, प्रबुद्धजनों और भाजपा पदाधिकारियों से मुलाकात कर संगठन की मजबूती और जनसंपर्क अभियान को लेकर चर्चा की।

दौरे की शुरुआत ग्राम परतन में सामाजिक कार्यकर्ता जयप्रकाश मेहता के आवास से हुई, जहां सांसद ने क्षेत्र के विशिष्टजनों से आत्मीय मुलाकात की। इसके बाद सूरजपुरा में भाजपा मंडल मंत्री एवं विहिप नेता मनोज गुप्ता के आवास पर स्थानीय लोगों से संवाद किया। वहीं रोमी पंचायत में पैक्स अध्यक्ष पीरु प्रसाद मेहता के आवासीय परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों के साथ बैठक कर संगठन विस्तार और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की।

इस दौरान भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, जिला सांसद प्रतिनिधि अजय कुमार साहू, मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, मंडल अध्यक्ष बाबूलाल मेहता, प्रमुख वीणा देवी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

दौरे के क्रम में सांसद मनीष जायसवाल ने पदमा प्रखंड के विभिन्न गांवों में हाल के दिनों में हुए हादसों से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बिहारी पंचायत में उमाशंकर मेहता और शशिकांत मेहता के असामयिक निधन पर शोक जताते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके बाद बुंडू गांव पहुंचकर सत्यनारायण राम के निधन पर उनके परिजनों से मुलाकात की और हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।

अंत में सांसद महकोल गांव पहुंचे, जहां सड़क दुर्घटना में दिवंगत सन्नी रविदास के परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे एक बेटे की तरह परिवार के साथ खड़े हैं और हर संभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।