हजारीबाग: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने अपने जनसेवा कार्यालय में हजारीबागवासियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ तथा समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर योग के महत्व को आत्मसात किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक जीवन में संतुलन स्थापित कर स्वस्थ, सुखी और श्रेष्ठ जीवन का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि समग्र स्वास्थ्य, मानसिक शांति और आत्मिक उन्नति का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त, ऊर्जावान एवं सकारात्मक बनाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणादायी पहल और सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप आज योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान और प्रतिष्ठा प्राप्त हुई है। विश्व के अनेक देशों में करोड़ों लोग योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाकर हम सभी स्वस्थ, सशक्त एवं समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में योगाचार्य सोनू पाण्डेय एवं अंजू कुमारी ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक यादव, सुदेश चंद्रवंशी, हरिश श्रीवास्तव, सांसद प्रतिनिधि रेणुका साहू, मंजू नंदिनी, आनंद देव, सुनील मेहता, प्रकाश झा, नरेंद्र प्रसाद, विवेक सिंह, साक्षी राणा, राजकरण पांडेय, मनमीत अकेला, राजेश गुप्ता सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, विधायक प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
