ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण, उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

 


हजारीबाग के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त हेमन्त सती ने गुरुवार को कोलघट्टी स्थित ईवीएम वेयरहाउस का विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली और अभिलेख संधारण की स्थिति का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की सतत कार्यशीलता सुनिश्चित करने, रिकॉर्डिंग का नियमित बैकअप लेने तथा निरीक्षण रजिस्टर को अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही वेयरहाउस में अनाधिकृत प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों में निशार खान, ऋषि शर्मा, सुनील कुमार शर्मा, शुभम कुमार राणा, गणेश कुमार सीटू एवं शशि कुमार सिंह उपस्थित रहे। वहीं भवन प्रमंडल के कनीय अभियंता तथा निर्वाचन विभाग के अजय कुमार, दीपक दास सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी भी मौजूद थे।