हजारीबाग में श्रद्धा और सेवा भाव के साथ मनाया गया श्री गुरु अर्जन देव जी का शहीदी दिवस, विधायक प्रदीप प्रसाद हुए शामिल


हजारीबाग। हजारीबाग के गुरूनानक पैलेस, सरकारी बस स्टैंड के समीप पाँचवें सिख गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी का पावन शहीदी दिवस श्रद्धा, भक्ति और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद भी कार्यक्रम में शामिल हुए और गुरु अर्जन देव जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर गुरु अर्जन देव जी के त्याग, बलिदान और मानवता के प्रति समर्पण को नमन किया। इस अवसर पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी का जीवन त्याग, तपस्या, सेवा, सत्य एवं मानव कल्याण के आदर्शों से परिपूर्ण था। उनकी शहादत हमें धर्म, मानवता और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।

उन्होंने कहा कि गुरु अर्जन देव जी का बलिदान भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा का एक अमूल्य अध्याय है, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उनके आदर्श आज भी समाज को एकता, भाईचारे और सेवा का संदेश देते हैं।

शहीदी दिवस के अवसर पर राहगीरों के बीच शरबत वितरण कर सेवा भाव का परिचय दिया गया। इस सेवा कार्य में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान गुरु अर्जन देव जी की शिक्षाओं एवं आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया गया।

कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।