विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन हजारीबाग द्वारा सदर अस्पताल स्थित नए ओपीडी भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। शिविर के दौरान कुल 70 यूनिट रक्त का संग्रहण किया गया।
रक्तदान शिविर का उद्देश्य सदर अस्पताल में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा आमजन को रक्तदान के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर रक्तदाताओं को उनके सामाजिक योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सदर अस्पताल में रक्त की निरंतर उपलब्धता बनाए रखने के उद्देश्य से भविष्य में प्रत्येक माह इस प्रकार के रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। प्रशासन ने सभी नागरिकों से आगे भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा रक्तदान के लिए दूसरों को प्रेरित करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी श्री आदित्य पांडेय उपस्थित रहे तथा उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में सिविल सर्जन श्री अशोक कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री मुरली यादव, कार्यपालक दंडाधिकारी श्री प्रेम कुमार,डीपीएम, अनुमंडल कार्यालय के प्रधान लिपिक श्री गोपाल पासवान, श्री टीपू सुल्तान सहित कई अधिकारियों एवं कर्मियों की सक्रिय सहभागिता रही।
इसके अतिरिक्त रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से श्री तनवीर सिंह तथा यूथ विंग की ओर से श्री रितेश खंडेलवाल सहित विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जिला प्रशासन हजारीबाग ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकता है। प्रशासन ने भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी अभियानों में सहयोग बनाए रखने की अपील की।
