नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु हजारीबाग में जागरूकता अभियान का शुभारंभ, उपायुक्त ने 5 एलईडी वैन को किया रवाना

 


निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध 15 जून से 26 जून 2026 तक चलाए जा रहे राज्यव्यापी जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने समाहरणालय परिसर से पांच एलईडी जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों तथा नशामुक्त जीवन के महत्व के प्रति जागरूक करेगी।

अभियान के अंतर्गत एलईडी वैन के माध्यम से जनजागरूकता संबंधी लघु फिल्में, ऑडियो-वीडियो संदेश एवं अन्य प्रचार सामग्री प्रदर्शित की जाएगी। वैन जिले के प्रमुख विद्यालयों, महाविद्यालयों, हाट-बाजारों, पंचायत क्षेत्रों, चौक-चौराहों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों को निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की जानकारी देगी।

इस अवसर पर उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने कहा कि मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति, परिवार एवं समाज के लिए गंभीर चुनौती है। युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जागरूकता एवं जनसहभागिता के माध्यम से ही नशामुक्त समाज के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।

सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री आदित्य पांडेय ने कहा कि युवा एवं स्कूली बच्चों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से सुरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने तथा स्वस्थ एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित होने के लिए प्रेरित करेंगे।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित जनसंपर्क विभाग की टीम एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।