उपायुक्त हेमन्त सती ने आज 02 मई को बड़कागांव एवं केरेडारी प्रखंड का भ्रमण कर प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयीन कार्यों, जनगणना प्रशिक्षण, साफ-सफाई एवं जनसुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
बड़कागांव प्रखंड कार्यालय में उपायुक्त ने भारत की जनगणना से संबंधित चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से जनगणना कार्यों के संबंध में प्रश्न पूछे तथा इस कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को कम से कम पाँच घरों का गणना कार्य कर पूरी प्रक्रिया से भली-भांति अवगत होने को कहा।
इसके उपरांत उपायुक्त ने प्रखंड परिसर का भ्रमण कर कार्यालय की व्यवस्था एवं कर्मियों की उपस्थिति की जांच की। उन्होंने परिसर में स्थित पुराने एवं जर्जर भवनों को यथाशीघ्र ध्वस्त करने तथा भवन प्रमंडल से समन्वय स्थापित कर नए भवन निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रतिनियुक्त चौकीदारों को पूर्ण वर्दी में रहने को भी कहा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण
उपायुक्त ने बड़कागांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनरल वार्ड, लेबर रूम, नर्सिंग रूम एवं ओपीडी कक्ष का जायजा लिया। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को प्रसव कक्ष में विशेष साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया तथा आवश्यक उपकरणों एवं सामग्रियों की सूची तैयार कर शीघ्र प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा। निरीक्षण के दौरान एमओआईसी द्वारा एक एंबुलेंस की मांग की गई, जिस पर उपायुक्त ने शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
पुस्तकालय का निरीक्षण
उपायुक्त ने बड़कागांव प्रखंड अंतर्गत निर्मित पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुस्तकालय के सुचारु संचालन हेतु पुस्तकालय प्रबंधन समिति का गठन कर आमसभा के माध्यम से अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष एवं सचिव का चयन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय युवाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। साथ ही पुस्तकालय में साफ-सफाई एवं पुस्तकों के सुव्यवस्थित रख-रखाव के लिए आवश्यक कर्मियों की व्यवस्था करने को कहा।
केरेडारी प्रखंड का निरीक्षण
इसके पश्चात उपायुक्त ने केरेडारी प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। यहां भी उन्होंने जनगणना प्रशिक्षण कार्य का अवलोकन कर प्रशिक्षुओं को दी जा रही जानकारी की समीक्षा की।
उन्होंने केरेडारी प्रखंड कार्यालय तक पहुंच मार्ग की जर्जर स्थिति को देखते हुए 15वें वित्त आयोग मद से सड़क निर्माण कराने का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया। साथ ही परिसर में स्थित पुराने जर्जर भवनों को ध्वस्त करने एवं साफ-सफाई व्यवस्था को अगले निरीक्षण तक सुव्यवस्थित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कार्यालय में जन शिकायत पंजी एवं अन्य अभिलेखों की जांच की। अभिलेखों के समुचित संधारण में कमी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए एक माह के भीतर सभी पंजियों को अद्यतन एवं व्यवस्थित करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने मनरेगा के तहत परिसर में पौधारोपण कर परिसर को हरित एवं आकर्षक बनाने का सुझाव भी दिया।
भ्रमण के दौरान उपायुक्त बड़कागांव स्थित पगार पंचायत के बिरहोर टोला भी पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय निवासियों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि बिरहोर समुदाय के विस्थापन के संबंध में एनटीपीसी के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इस टोला में निवासरत 121 लोगों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने एनटीपीसी अधिकारियों को आवासों की मरम्मत कराने, नियमित जल छिड़काव (स्प्रिंकलर) के माध्यम से प्रदूषण नियंत्रण सुनिश्चित करने तथा समुदाय को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान बड़कागांव व केरेडारी के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
