रामगढ़ में भाजपा की ‘प्रचंड जीत’ पर जश्न, सांसद मनीष जायसवाल के नेतृत्व में निकला भव्य विजय जुलूस


पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी द्वारा बहुमत का आंकड़ा पार करने और ऐतिहासिक जीत दर्ज करने की खुशी में रामगढ़ भाजपा परिवार ने जबरदस्त उत्साह दिखाया। इस विजय उत्सव में मुख्य रूप से हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल सम्मिलित हुए। उनके नेतृत्व में रामगढ़ शहर के विभिन्न इलाकों में गाजे-बाजे के साथ पैदल मार्च निकाला गया, जहाँ आतिशबाजी और अबीर-गुलाल के बीच कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। सांसद मनीष जायसवाल ने रामगढ़ शहर के चट्टी बाजार, बगड़िया, लोहार टोला और शिवाजी रोड होते हुए सुभाष चौक तक पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय जनता के बीच स्वयं मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक इस दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते और नारेबाजी करते नजर आए। अभियान का समापन सुभाष चौक पर हुआ, जहाँ सांसद ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और वहां भारी आतिशबाजी के बीच कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।

तीन राज्यों में भाजपा के शानदार प्रदर्शन पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि यह जीत जनता के पुरजोर समर्थन का परिणाम है और इसे सामान्य जीत नहीं बल्कि 'प्रचंड जीत' कहना उचित होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का एक साधारण कार्यकर्ता हो या स्वयं प्रधानमंत्री, सभी निरंतर जनकल्याण के कार्यों में समर्पित रहते हैं। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि जो भी जनहित और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर कार्य करेगा, भविष्य में भी देश की राजनीति में उसी का स्थान अडिग रहेगा।

इस खुशी के क्षण और जश्न के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी रही। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव बाबला, पूर्व अध्यक्ष प्रवीण मेहता, राजू चतुर्वेदी, रणंजय कुमार उर्फ कुंटू बाबू, जगेश्वर प्रजापति, राजीव जायसवाल, अनूप कुमार, विजय जायसवाल, छोटन सिंह, प्रो. संजय सिंह, दीनदयाल कुमार, प्रो. आलोक सिंह, शिव कुमार महतो, अशोक सोनी, अनमोल सिंह, धनंजय कुमार पुटूस, ब्रजेश पाठक, ऋषिकेश सिंह, शीतल सिंह, रूपा देवी, सुबीन तिवारी और विक्की महतो, सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग और सैंकड़ों की संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।