महाराजा भामाशाह जयंती समारोह में सामाजिक एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश


हजारीबाग सदर प्रखण्ड स्थित ग्राम पंचायत ओरिया के दुर्गा मंडप में रविवार को तैलिक समाज द्वारा दानवीर, शूरवीर एवं महान व्यक्तित्व के धनी परमपूज्य महाराजा भामाशाह जी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत आर्य कन्या गुरुकुल की बच्चियों एवं समाज के सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से हवन और पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद आयोजित संबोधन सभा में वक्ताओं ने महाराजा भामाशाह जी के त्याग, राष्ट्रभक्ति और समाज सेवा के अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान गुरुकुल की बच्चियों द्वारा प्रस्तुत लव-कुश की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह में समाज सेवा, सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में हजारीबाग जिला तैलिक समाज के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, महासचिव नारायण साव, युवा महासचिव किशोर सामंत, उपाध्यक्ष रामचंद्र साव, महिला संरक्षक शिला देवी, सचिव दिलीप साव, दारू प्रखंड अध्यक्ष द्वारिका साव, गुरुकुल के प्राचार्य आचार्य कौटिल्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अतिथियों, आयोजन समिति के पदाधिकारियों, सक्रिय सदस्यों एवं समाज की महिलाओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही भव्य शोभायात्रा एवं ग्राम भ्रमण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे क्षेत्र में महाराजा भामाशाह जी के जयघोष से वातावरण भक्तिमय और गौरवमयी बना रहा।

कार्यक्रम में ओरिया तैलिक समाज के अध्यक्ष राहुल गुप्ता, उपाध्यक्ष सीताराम साव, सचिव अरूण कुमार, उपसचिव रवि कुमार साव, कोषाध्यक्ष रणधीर कुमार साहू, मंच संचालक राजेश साव सहित समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।