हजारीबाग जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत गुरहेत पंचायत के चलचलाईया गांव में पिछले एक सप्ताह से जले ट्रांसफार्मर के कारण उत्पन्न बिजली संकट को दूर कर दिया गया है। पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह की पहल पर गांव में नया 25 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया, जिससे बिजली आपूर्ति पुनः बहाल हो गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रांसफार्मर जल जाने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। गर्मी के मौसम में बिजली नहीं रहने के कारण पेयजल की समस्या, घरेलू कार्यों में बाधा और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी। पूरे गांव में एक सप्ताह से अंधेरा छाया हुआ था, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था।
मामले की जानकारी मिलते ही मुन्ना सिंह ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराई। उनके प्रयासों से बुधवार को गांव में नया ट्रांसफार्मर लगा दिया गया, जिससे लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो गया।
इस मौके पर मुन्ना सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिजली, सड़क और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि भविष्य में ऐसी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।
ट्रांसफार्मर बदलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और मुन्ना सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि अब स्थिति सामान्य हो गई है और गांव में फिर से बिजली आने से लोगों को काफी सुविधा मिल रही है।
इस अवसर पर आशीष महतो, संदीप मिंज, विशाल कुमार सहित कई गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित थे, जिन्होंने इस पहल की सराहना की।
