हजारीबाग: उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडलीय कार्यालय, हजारीबाग के अवर सचिव श्री रास बिहारी प्रसाद (झा. स. से.) सेवानिवृत्ति के अवसर पर कार्यालय परिसर में एक भावभीना विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रमंडलीय कार्यालय के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उनके दीर्घ एवं समर्पित सेवा काल को याद करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
इस अवसर पर बताया गया कि श्री बिहारी ने वर्ष 1995 से अपनी सेवा प्रारंभ की और अपने लगभग तीन दशकों के कार्यकाल में विभिन्न दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ निर्वहन किया। अपने शांत स्वभाव, अनुशासन एवं कार्य के प्रति प्रतिबद्धता के कारण वे सहकर्मियों के बीच सदैव आदरणीय रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए सचिव श्री बासुदेव प्रसाद ने कहा कि श्री बिहारी ने अपने लंबे सेवा काल में कार्यालय की कार्यसंस्कृति को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी कार्यनिष्ठा, सरलता और प्रशासनिक अनुभव आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। सचिव ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय सेवानिवृत्ति जीवन की कामना करते हुए कहा कि सेवा निवृत्ति केवल एक पड़ाव है, बल्कि जीवन के अनुभवों को समाज के साथ साझा करने का नया अवसर भी है।
कार्यक्रम के दौरान सहकर्मियों ने भी अपने-अपने अनुभव साझा करते हुए श्री रास बिहारी के साथ बिताए गए समय को याद किया तथा उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्हें शॉल एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में सेवानिवृत्त अवर सचिव राकेश चौधरी, प्रमंडलीय कार्यालय के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें।
