हजारीबाग में “डिजिटल बेटी शक्ति महाअभियान 2026” की शुरुआत, बेटियों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की पहल


हजारीबाग: 
आज के आधुनिक दौर में डिजिटल शिक्षा का महत्व तेजी से बढ़ता जा रहा है। इसी आवश्यकता को समझते हुए तरंग ग्रुप, हजारीबाग और देश की प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक कंपनी आदित्य विजन ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के तहत संयुक्त रूप से “डिजिटल बेटी शक्ति महाअभियान 2026” की शुरुआत की है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बेटियों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना और उन्हें तकनीकी ज्ञान से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।

इस अभियान के तहत छात्राओं के लिए एआई एवं साइबर सुरक्षा आधारित डिजिटल साक्षरता कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कंप्यूटर और आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इससे छात्राओं में नई सोच, नवाचार और आत्मविश्वास का विकास हो रहा है। इसके साथ ही स्कूलों में स्मार्ट एलईडी टीवी तथा छात्राओं के लिए लैपटॉप और स्मार्टफोन का वितरण भी किया जाएगा, जिससे शिक्षा को और अधिक प्रभावी, रोचक और डिजिटल बनाया जा सके।

अभियान की शुरुआत आज आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वार्ड पार्षद सोनी छेत्री, प्राचार्य बिहारी बालिका उच्च विद्यालय रूपा वर्मा, आश्रय फाउंडेशन की सचिव डॉक्टर अमला राणा, लायंस क्लब ऑफ हजारीबाग रोरिंग की अध्यक्षा स्वाति वर्मा, जोनल चेयरपर्सन राजीव आनंद और समाजसेवी कुलदीप कृष्णा की उपस्थिति में हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन सभी महिला अतिथियों द्वारा पोस्टर का अनावरण कर किया गया, जो नारी सशक्तिकरण का प्रतीक बना।

इस मौके पर वार्ड पार्षद सोनी छेत्री ने कहा कि बेटियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना समय की मांग है और ऐसी पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाएगी। वहीं प्राचार्य रूपा वर्मा ने कहा कि स्कूल स्तर पर डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता से छात्राओं की सीखने की क्षमता और आत्मविश्वास दोनों में वृद्धि होगी।

आश्रय फाउंडेशन की सचिव डॉक्टर अमला राणा ने कहा कि महिलाओं और बेटियों को तकनीकी रूप से सशक्त करना समाज के समग्र विकास के लिए आवश्यक है। लायंस क्लब ऑफ हजारीबाग रोरिंग की अध्यक्षा स्वाति वर्मा और जोनल चेयरपर्सन राजीव आनंद ने संयुक्त रूप से कहा कि यह अभियान बेटियों को अपने सपनों को पूरा करने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवी कुलदीप कृष्णा ने कहा कि इस तरह की पहलें समाज में समानता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देती हैं और आने वाली पीढ़ी के लिए मार्ग प्रशस्त करती हैं।

तरंग ग्रुप के निदेशक अमित कुमार ने कहा कि डिजिटल युग में बेटियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना उनकी प्राथमिकता है और यह अभियान उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

अभियान का मुख्य संदेश है— “डिजिटल शिक्षा से सशक्त हर बेटी, हर परिवार।” यह संयुक्त पहल न केवल बेटियों को तकनीकी रूप से मजबूत बना रही है, बल्कि उन्हें समाज में बराबरी का स्थान दिलाने की दिशा में भी अहम भूमिका निभा रही है।

इस अवसर पर संस्था के कोषाध्यक्ष मनोज पूरी, सदस्य अगस्त्य कुमार सहित अन्य शिक्षक भी मौजूद रहे।