रामनवमी 2026 हिंसा पर हजारीबाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 मामलों का उद्भेदन, 10 अभियुक्त गिरफ्तार


हजारीबाग में रामनवमी 2026 के दौरान हुई हिंसक घटनाओं को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग मामलों का सफल उद्भेदन कर दिया है। पुलिस द्वारा जारी प्रेस-विज्ञप्ति के अनुसार सभी मामलों में कुल 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पहला मामला 29 मार्च 2026 का है, जब झंडा चौक के पास गाड़ी खाना क्लब जुलूस के दौरान अभिषेक कुमार की तलवार और चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में SIT टीम ने विजय कुमार विनायक, श्याम कुमार उर्फ कारू, आदित्य कुमार हरि, रिशि कुमार और समीर वाल्मिकी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक तलवार और दो चाइनीज फोल्डिंग चाकू भी बरामद किए हैं।

दूसरा मामला 27 मार्च 2026 का है, जिसमें दीपूगढ़ा (कोर्रा) में मुकेश सिंह पर चाकू से हमला किया गया था। इस मामले में मुख्य अभियुक्त राजू थोथा उर्फ प्रणय कुमार को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से खून लगी भुजाली बरामद की गई है।

तीसरा मामला 28 मार्च 2026 को गदोखर (पेलावल) का है, जहां शोभायात्रा के दौरान रामकुमार साव की भुजाली से हमला कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में करण कुमार यादव, अरूण यादव और नितेश कुमार यादव को गिरफ्तार किया है तथा हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है।

चौथा मामला 29 मार्च 2026 का है, जब जामा मस्जिद रोड (सदर) पर विष्णुपूरी शोभायात्रा के दौरान प्रिंस कुमार की चाकू लगने से मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। इस मामले में करन कुमार (साकिन-बालियन) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उसकी निशानदेही पर दो धारदार चाकू बरामद किए गए हैं।

इन सभी मामलों में कार्रवाई हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक श्री अंजनी अंजन (IPS) के निर्देश पर गठित SIT टीमों द्वारा की गई है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।