हजारीबाग: सदर थाना क्षेत्र के जामा मस्जिद रोड में 29 मार्च 2026 को रामनवमी जुलूस (विष्णुपूरी शोभायात्रा) के दौरान हुए सनसनीखेज हत्या कांड का हजारीबाग पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस घटना में प्रिंस कुमार नामक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री अमित आनंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी करन कुमार (उम्र 19 वर्ष), निवासी- बालियन, थाना- पेलावल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जुलूस में शामिल था और काला शर्ट पहनकर खेल प्रदर्शन के दौरान अचानक प्रिंस कुमार पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
इस मामले में सदर थाना कांड सं०-70/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बरामदगी में शामिल:
- हत्या में प्रयुक्त दो धारदार चाकू (एक कवर सहित)
- घटना के समय पहना गया काला शर्ट
- सफेद मटमैला जींस
- सफेद जूते
छापामारी दल में श्री अमित आनंद (SDPO सदर) के नेतृत्व में थाना प्रभारी सुभाष सिंह सहित पुलिस टीम के सदस्य सोनू कुमार, मुकेश कुमार रजक, सुरेन्द्र कुमार और मनीष कुमार चंदेल शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।
