बरकट्ठा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार


हजारीबाग।
जिला पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए बरकट्ठा थाना क्षेत्र के ग्राम कपका से एक ब्राउन शुगर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को 6 फरवरी 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्कूटी से कपका गांव में युवाओं को ब्राउन शुगर बेचने जा रहा है, जिसके बाद सूचना के सत्यापन पर पुलिस उपाधीक्षक (परिक्ष्यमान) के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी के दौरान ग्राम कपका स्थित अहरवा (तालाब) के पास संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर स्कूटी छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 7.75 ग्राम ब्राउन शुगर, एक सिल्वर रंग की इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, एक OnePlus कंपनी का स्मार्टफोन और एक बिना नंबर की YAKUZA कंपनी की इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोटी कुमार (उम्र 22 वर्ष), पिता पाचु महतो, निवासी ग्राम कपका, थाना बरकट्ठा, जिला हजारीबाग के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ईचाक से ब्राउन शुगर खरीदकर लाता था और कपका, बरकट्ठा तथा आसपास के इलाकों में छोटे-छोटे पैकेट बनाकर बिक्री करता था। इस संबंध में बरकट्ठा थाना में कांड संख्या 24/26, धारा 21(बी)/22(बी)/29 एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।