हजारीबाग जिला कृषि विभाग द्वारा बरही प्रखंड में जिला स्तरीय किसान मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि बरही विधायक श्री मनोज यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान मेला आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, जैविक खेती तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराकर किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने का सशक्त माध्यम है।
अनुमंडल पदाधिकारी, बरही ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से कृषि विशेषज्ञों और किसानों के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है, जिससे खेती की चुनौतियों को कम करने और उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम का संचालन श्री रजनीश आनंद ने किया। जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. रायमणि हैम्ब्रम ने किसान मेले के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेले में आधुनिक कृषि मशीनरी, ड्रोन तकनीक, सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली तथा उन्नत किस्म के बीजों का प्रदर्शन किया गया है। साथ ही किसानों को कृषि ऋण, फसल बीमा और सब्सिडी से संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के वैज्ञानिकों द्वारा किसानों के साथ प्रत्यक्ष संवाद किया गया, जिसमें किसानों ने अपनी समस्याएं साझा कीं और वैज्ञानिकों से समाधान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त किसानों को विक्रेताओं और कंपनियों से सीधे जुड़कर अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार अवसर प्राप्त करने की जानकारी दी गई।
प्रदर्शनी में भाग लेने वाले उत्कृष्ट कृषकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला योजना एवं मूल्यांकन पदाधिकारी श्री राहुल राज महली, जिला उद्यान पदाधिकारी श्री जसवंत कुमार, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी श्री संजय पाण्डेय, पौधा संरक्षण पदाधिकारी डॉ. अलका कुमारी, जिला परिषद उपाध्यक्ष श्री किशुन यादव, प्रमुख बरही श्री मनोज रजक, विधायक प्रतिनिधि श्री रमेश ठाकुर, जिला परिषद सदस्य, विभिन्न पंचायतों के मुखिया सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
