सांसद मनीष जायसवाल के प्रयास से 101 बेटियों का हाथ हुआ पीला,रामगढ़ में गूंज रहा है मंगल गीत


हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल के प्रयास से 101 जोड़े अपना दांपत्य जीवन का शुरुआत करने जा रहे हैं।  इन सभी जोड़ों का कन्यादान खुद सांसद मनीष जायसवाल और उनके परिवार करेगा। ये वैसे दांपत्य जुड़े हैं जो आर्थिक रूप से सशक्त नहीं थे और किसी कारणवश इनका विवाह नहीं हो पा रहा था। सांसद परिवार के साथ खड़े हुए, रामगढ़ में भव्य आयोजन के साथ वैवाहिक कार्यक्रम का साक्षी हजारों हजार के संख्या में पहुंचे आमो खास बनने जा रहे हैं। झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार दांपत्य जोड़े को अपना आशीर्वाद देने के लिए रांची से रामगढ़ पहुंचेंगे। जिसे लेकर तैयारी पूरी हो गई है। सुरक्षा व्यवस्था का चाक- चौबंद इंतजाम है ।

सांसद सामूहिक विवाह उत्सव- 2026 के विवाह स्थल सिद्धू- कान्हु मैदान, रामगढ़ को दुल्हन की तरह सजाया गया है। हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल सिर्फ 101 जोड़ो का सामूहिक विवाह ही नहीं करा रहें हैं बल्कि इसे एक उत्सव का रूप दे रहें हैं। शादी से पूर्व सभी चयनित 101 दूल्हों और दुल्हनों के ठहराव का सुव्यवस्थित इंतजाम उन्होंने कराया है, ताकि शादी पूर्व निर्धारित समय और कार्यक्रम के मुताबिक संभव हो सके। दूल्हा पक्ष और दुल्हन पक्ष के लोगों के लिए विशेष पास का इंतजाम किया गया है। सांसद सामूहिक विवाह उत्सव- 2026 में चयनित सभी जोड़ों का  मेंहदी और हल्दी की रस्म अदायगी हुई और अब बस विवाह मंडप में सात फेरे लेने और डोली उठने की देर है ।

मेहँदी लगा के रखना, डोली सजा के रखना, लेने तुझे ओ गोरी, आएँगे तेरे सजना....। अमूमन दूल्हे अपने दुल्हन को लेने अपने यार, रिश्तेदार, परिवार और अपनों के साथ जाते हैं। हिंदुस्तान में एकल शादियों का प्रथा रहा है। हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने पिछले कुछ वर्षों से निरंतर अनूठी पहल की है और वर्तमान वर्ष भी उसी कड़ी की आगे बढ़ाते हुए उन्होंने सांसद सामूहिक विवाह उत्सव- 2026 का रामगढ़ की धरती पर पहली बार आयोजन करा रहें हैं। यह आयोजन आज रविवार को है और इसमें 101 ऐसे परिवार की बेटियों का सामूहिक विवाह ग्रैंड अंदाज में होने जा रहा है जो इस प्रकार की शादी की परिकल्पना भी खुद से करने की नहीं कर सकते थे। लेकिन हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ऐसे परिवार की बेटियों के लिए फरिश्ता बनकर आए और अब उनकी शाही शादी की तर्ज़ पर न सिर्फ़ इन 101 जरूरतमंद बेटियों का सामूहिक विवाह करवा रहें हैं बल्कि उनके परिवार बसाने के साथ गृहस्थ चलाने के लिए इलेक्ट्रिक रिक्शा/टोटो और अन्य गृहस्थ और दैनिक दिनचर्या के जरूरत के सामान भी भेंट करने जा रहें हैं साथ ही एक अभिभावक और भाई के रूप में वे हमेशा इनके सुख- दुःख के सहभागी बनने का संकल्प भी लेंगे। 101 दूल्हों के सजे- धजे 101 गाड़ियों से बारात निकालने की तैयारी और बारात के दौरान आज मेरे यार की शादी है... सहित अन्य गीतों पर झूमने के लिए हजारों बाराती भी शामिल होने को आतुर दिख रहें हैं ।

विवाह स्थल रामगढ़ का सिद्धू- कान्हु का विशाल मैदान नयनाभीराम शादी मंडपों में तब्दील हो चुका है। शहनाइयों की गूंज सदाएं दे रही हैं। चहुंओर उल्लास का वातावरण है। इस सामूहिक विवाह के आयोजक सांसद मनीष जायसवाल, उनके परिवारजन, उनकी टीम और बीजेपी कार्यकर्ता जिस शिद्दत से इस आयोजन को लेकर जुटे हैं उससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि सभी 101 जोड़ें उनके अपने परिवार से हैं। विवाह स्थल पर सभी मंडपों को एक तरीके से सजाया गया है और साजो सामान भी यहां रखा गया है। इस वैवाहिक मंगलचारण के लिए कोलकाता के यूनिक म्यूजिकल फेरे के लिए प्रख्यात राघवेंद्र कुमार गौतम उर्फ राघव पंडित और उनकी टीम के साथ हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सैकड़ों पंडितों का समूह तैयार है। देश के नामचीन गायक, अभिनेता सह सांसद मनोज तिवारी मृदुल अपने सुरों का जादू बिखेरेंगे। 

झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार समेत कई गणमान्य मेहमान और क्षेत्र के आसपास से लाखों लोग मेहमान इस सामूहिक विवाह के साक्षी होंगे। एक विशाल जनसमूह के समक्ष खुले आसमां के नीचे सूर्य की किरणें रोशनी देंगी और 101 जोड़े अग्नि को साक्षी मानकर एक- दूजे का दामन थामेंगे और सात फेरों के सातों वचन की कसमें खाएंगे। हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल के द्वारा यह तीसरा सामूहिक विवाह होगा जो हजारीबाग की धरती पर अनोखा, अविस्मरणीय, अभूतपूर्व और ऐतिहासिक पल को समेटे दर्शनीय एवं अलौकिक अनुभूति का सुखद एहसास लोगों को कराएगा। यहां सामूहिक भोज की भी व्यवस्था होगी जिसमें बाराती और शराती दोनों पक्षों के लोग लजीज व्यंजनों का स्वाद जमकर उठा पाएंगे ।

इधर सामूहिक विवाह स्थल रामगढ़ का सिद्धू कान्हु मैदान में सामूहिक विवाह से पूर्व गणेश पूजन- वंदन शनिवार को किया गया साथ ही विवाह स्थल में तैयारी पूर्ण कर ली गई। इस सामूहिक विवाह में कई दिव्यांग कन्याओं और बेसहारा परिवार की कन्या शामिल हैं। मैदान में कई आकर्षक सेल्फी पॉइंट बनाए गए है जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र है। सभी 101 मंडपों में अग्नि कुंड के साथ टोटो सहित अन्य गृहस्थ बसाने का सामान रखा गया है। मैदान के चारों और दीवारों को होर्डिंग, फ्लेक्स-पोस्टर से सजाया गया है ।

शनिवार को खुद हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल संसद के बजट सत्र के वीकेंड मिलते ही सीधे रामगढ़ पहुंचे और मैदान का निरीक्षण कर जायजा लिया, विभिन्न तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। मौके पर सांसद मनीष जायसवाल ने बताया कि रामगढ़ ही नहीं पूरे हजारीबाग लोक सभा क्षेत्र में इस विवाह समारोह की मांगलिक शहनाई की गूंज और रस्मो अदायगी की मधुरता से वातावरण अलौकिक हो गया है। हर तरफ इसकी चर्चा हो रही है। उन्होंने बताया कि इस सामूहिक विवाह की शुरुआत सुबह 9:00 बजे बारात से होगी। बारात रामगढ़ के फुटबॉल ग्राउंड से होकर विभिन्न चौक चौराहों से गुजरते हुए विवाह स्थलप हुंचेगी। इस दौरान बारात में झारखंडी पारंपरिक नृत्य और संगीत के साथ वैवाहिक बारात परंपरा का बखूबी निर्माण होगा और जमकर आतिशबाजी एवं धमाल भी होगा। बारात रुट में दर्जनों जगहों पर बारातियों का स्वागत स्थानीय लोगों द्वारा किया अनोखे अंदाज में किया जाएगा । विवाह स्थल पर हे री सखी मंगल गाओ री...के गायन के साथ सभी जोड़ों का विवाह स्थल पर प्रवेश होगा तब प्रसिद्ध गायक और सांसद मनोज तिवारी मृदुल अपने सुरों से समां बांधेंगे। राघव पंडित एवं उनकी टीम के म्यूजिकल मेट्रो कर और राम-राम जय राजा राम... की धुन के बीच जयमाला का रस्म देखने लायक होगा। इस उत्सव की भव्यता किसी रॉयल वेडिंग से काम नहीं होगी जहां पॉपर्स के धमाके आसमान में उड़ते रंगीन सितारे और दिव्य आतिशबाजी के बीच भारतीय संस्कृति के अनुरूप हो रहा मंत्र उपचार सुखद अहसास कराएगी ।

समारोह का वह पल बड़ा ही भावुक होगा और आंसू थमना आसान नहीं होगा। किसी पिता या भाई के लिए एक बेटी- बहन को विदा करना आसान नहीं होता। यहां तो हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल सांसद सामूहिक विवाह उत्सव- 2026 में 101 बहन- बेटियों का कन्यादान कर उन्हें एक साथ विदा करेंगे। विदाई का पल सबसे भावुक पल होगा जब बाबुल दे दो विदाई आज तो प्यार से बजेगा तो मैदान में उपस्थित लोगों के आंख आंसू से छलक उठेंगे। समारोह के दौरान लोगों के बैठने, शादी देखने, उनके भोजन, पार्किंग, शौचालय की समुचित व्यवस्था की गई है ।

सांसद सामूहिक विवाह उत्सव- 2026 के तहत 101 जोड़ों के सामूहिक विवाह आयोजन को लेकर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि बीते 14 दिसंबर 2023 को मैंने 25 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया था जो जोड़े अत्यंत निर्धन और जरूरतमंद थे। जिसके बाद 02 फरवरी 2025 को सांसद सामूहिक विवाह के तहत 101 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया। इसमें सभी जोड़ों को एक इलेक्ट्रिक स्कूटी सहित अन्य गृहस्थ के समान भेंट किए गए थे। इन दोनों सामूहिक विवाह में आपकी उपस्थिति के बाद आपका उत्साह और इस विवाह में शामिल जोड़ों के परिजनों का उत्साह देखकर मैंने इससे प्रेरित होकर वर्तमान वर्ष भी उसी भव्यता, उसी परंपरा के निर्वहन के साथ 101 गरीब, मजबूर,लाचार और जरूरतमंद जोड़ों के सामूहिक विवाह रामगढ़ की धरती पर करने  का निर्णय लिया है। जोड़ों के चयन में हमने प्राथमिकता दिव्यांग भाई- बहन और ऐसे भाई- बहनों को दिया है जिनके माता- पिता नहीं हैं और वो अपनी शादी के लिए परिवार के किसी अन्य सदस्य पर आश्रित हैं। 101 जोड़ों का चिन्हित कर लिया गया है जो अत्यंत ही गरीब और जरूरतमंद परिवार से हैं एवं समाज से अपेक्षा रखते हैं कि इनका भला हो। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आइए रविवार को सुबह 9:00 बजे के रामगढ़ के फुटबॉल मैदान से बारात की शक्ल में हम सभी विवाह स्थल सिद्धू कान्हु स्टेडियम, रामगढ़ पहुंचे और 11:00- 1:00 बजे के बीच भव्य जयमाला एवं उसके बाद 101 जोड़ के सामूहिक विवाह कार्यक्रम का हिस्सा बने और नव दंपतियों को अपना आशीर्वाद देने के साथ ऐसी सामाजिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने में सहयोग करें और इसे सफल बनाकर आगे बढ़ाएं ।